हरियाणा / रेवाड़ी : एक कंपनी के कर्मचारी को ऑनलाइन साइट से मोबाइल फोन खरीदना महंगा पड़ गया। कोरियर कंपनी के जरिए उसके पास पहुंच पैकेट में स्मार्ट फोन की जगह पावर बैंक निकला | उसने ठगी से संबंधित बावल थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मूल रूप से यू.पी. निवासी धर्मेंद्र बावल के मोहल्ला जटवाड़ में रहता है तथा एक कंपनी में कार्यरत है। 2 फरवरी को उसने एक ऑनलाइन साइट से रैडमी कंपनी का स्मार्टफोन बुक किया था । डिस्काऊंट के बाद 7000 रुपए मोबाइल की कीमत दिखाई गई थी। मंगलवार को उसके पास कोरियर से मोबाइल का पैकेट भेजा गया। उसने कोरियर कंपनी के कारिंदे को 7000 रुपए देकर पैकेट ले लिया। उसके बाद घर जाकर पैकेट खोला तो उसमें मोबाइल की जगह एक पावर बैंक था। उसने तुरंत ऑनलाइन साइट के हैल्पलाइन नंबर से लेकर डिलीवरी देने आए युवक को फोन किया, लेकिन उसका फोन नहीं उठाया गया।

