हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से लगातार मौसम में बदलाव हो रहा है। वहीं आज से मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना भी बनी हुई है। इसके साथ फरवरी के अंत तक दिन का तापमान सामान्य के बराबर रहने की उम्मीद है। हालांकि, रात्रि तापमान में गिरावट रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिन में तापमान अधिक रहने के कारण सुबह धुंध छा रही है। वहीं, अब 12 से 15 फरवरी तक बरसात की संभावना है। जिससे अभी 20 फरवरी तक सर्दी के ज्यादा रहने की संभावना है।कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि गेहूं के लिए ठंड फायदेमंद है। इन दिनों में जितनी अधिक ठंड रहेगी, उतना ही गेहूं की फसल में फुटाव होगा। इस फुटाव से पैदावार अच्छी निकलेगी। अब दिन में धूप खिलने लगी है। इससे दिन में तापमान भी बढ़ने लगा है। ऐसे में सब्जी की फसल को भी अब नुकसान नहीं होगा।
मौसम में अचानक से परिवर्तन का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ है। अक्सर पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ी क्षेत्रों की तरफ जाकर बर्फवारी करते हैं, जिससे मैदानी क्षेत्रों में सर्दी बढ़ती है। मगर हाल ही में आया भूमध्य सागर से पश्चिम विक्षोभ पहाड़ों की तरफ न जाकर मैदानी क्षेत्रों में चला गया।इस कारण जल्द ही आसमान साफ भी हो गया और धूप खिलकर आई। जिससे लोगों को हल्की गर्मी का अहसास हुआ। यही कारण है कि दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आगामी दिनों में बादलवाई रही तो दिन का तापमान कुछ कम होगा।बुधवार को हर रोज की तरह सुबह भी मौसम साफ था। आसमान बिल्कुल नीला, लेकिन सुबह साढ़े सात बजे हल्के बादल छाए और फिर अचानक से धुंध गिरनी शुरू हो गई। दृश्यता शून्य दर्ज की गई। जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि अच्छी बात यह रही कि करीब साढ़े 10 बजे धूप निकली और धुंध छंटनी शुरू हो गई।
