वो कहावत है ना “जाको राखे साईयां, मार सके ना कोई” ये कहावत बिलकुल सच साबित हो गई है। बता दें कि हरियाणा के रोहतक जिले में चलती ट्रेन के नीचे आने पर भी एक महिला की जान बच गई। दरअसल, महिला ने चलती ट्रेन के नीचे फंस गई लेकिन उसने सूझबूझ से रेलवे ट्रैक पर लेटकर अपनी जान बचाई। ट्रेन पहले स्टैंडबाय पर थी और सिग्नल का इंतजार कर रही थी। लेकिन जब ट्रेन अचानक चली तो उसी समय महिला ने कथित तौर पर इसे पार करने की कोशिश की और ट्रेन के नीचे आ गई। महिला का ये वीडियो वायरल हो रहा है।
ये वीडियो रोहतक के न्यू बस स्टैंड रोड स्थित रेलवे फाटक का है। जहां मंगलवार सुबह बुजुर्ग महिला की जान जाते बची। ड्यूटी पर तैनात प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह 11 बजे के करीब गोहाना की तरफ से मालगाड़ी सिग्नल न मिलने की वजह से फाटक पर खड़ी हो गई। इसी बीच एक 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला मालगाड़ी के नीचे से निकलकर ट्रैक पार करने लगी। इस दौरान ट्रेन चल पड़ी और महिला ने लेटकर अपनी जान बचाई।
