हरियाणा के सोनीपत जिले से एक खौफनाक वारदात सामने आई है। बता दें कि यहां शहर की छोटूराम कॉलोनी में देर रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बाद में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। 10 साल के बेटे की आंख खुली तो शोर मचाया। लोगों ने आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया। 90 फीसदी झुलसने के कारण उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। वहां उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार यूपी के मेरठ जिले के भलसेना निवासी अवधेश पुत्र रामपाल ट्रक चालक था। वह पत्नी संगीता ( 42 ) और बेटे हर्ष के साथ सोनीपत में रह रहा था। हर्ष ने बताया कि रात 10 बजे पिता ने उसे दूध पिलाया फिर वह कमरे में जाकर सो गया। सुबह उठा तो देखा पिता आग में जल रहे थे। अंदर कमरे में खून बिखरा था। संगीता की मां देवेंद्री ने बताया कि अवधेश ने गांव की जमीन अपने भाई राकेश को खेती के लिए दे रखी थी, लेकिन राकेश कोई पैसा नहीं देता था। संगीता इसका विरोध करती थी देवेंद्री का आरोप है कि अवधेश 2-3 दिन से गांव गया हुआ था। 17 फरवरी को वह राकेश, भतीजे गोलू, बहनोई कुलदीप के साथ लौटा। उसी रात उसने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। कार्रवाई से बचने को अवधेश ने खुद को आग लगा ली।
