Spices For Immunity Booster मसाले सेहत के लिए बहुत जरूरी हैं। इनका सेवन रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाकर सर्दी-जुकाम से लेकर कैंसर तक के खतरे को कम करता है। इन मसालों का सेवन सभी को करना चाहिए, क्योंकि ये शरीर को आंतरिक रूप से गर्म रखते हैं। हालांकि खाने में मसालों का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए, क्योंकि अधिक मात्रा में मसालों का सेवन सेहत को नुकसान भी पहुंचा सकता है।
मसाले और उनके स्वास्थ्य लाभ
धनिया : धनिया खाने को गार्निश करने के लिए इस्तेमाल की जाती है और इसके बीजों को पीसकर मसाले के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। धनिया पाउडर न केवल भोजन का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि पाचक रसों के स्राव को बढ़ाकर पाचन प्रक्रिया को तेज करता है। धनिया में प्राकृतिक रूप से हार्मोंस के स्राव को नियंत्रित करने का भी गुण पाया जाता है।
जीरा : जीरा खाने का स्वाद और खुशबू दोनों को बढ़ाता है। यह विरेचक का काम भी करता है और पाइल्स की बीमारी में राहत देता है। जीरा पाचन और पोषक तत्वों के अवशोषण में सहायता करता है। इसमें मॉर्निंग सिकनेस को दूर करने का भी गुण पाया जाता है। यह लिवर से विषैले पदार्थों को बाहर करने में मदद करता है।अदरक: अदरक में एंटीइंफ्लेमैटरी गुण होते हैं। यह एक प्राकृतिक दर्द निवारक भी है। अदरक भोजन के पाचन में सहायता कर पेट संबंधी गड़बड़ियों को दूर करती है। अदरक जी मचलाने में आराम देने के साथ ही सर्दी, जुकाम से बचाती है।
लहसुन : लहसुन बहुत स्वास्थ्यवर्धक है, यह एक प्राकृतिक एंटीबायोटिक की तरह काम करता है। इसमें एलिसिन नामक तत्व होता है, इसके कारण लहसुन में विशेष गंध होती है। यह रक्तचाप और कोलेस्ट्राल के स्तर को कम करता है। शोधों के अनुसार लहसुन खाने वालों को कैंसर होने की आशंका कम रहती है।
