होशंगाबाद : धार्मिक नगरी होशंगाबाद एक बार फिर शर्मशार हो रही है। मिनी हनीट्रेप गैंग का खुलासा होने के बाद पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह गौर के निर्देशन में शुरू हुई जांच में कई गंभीर तथ्य सामने आ रहे हैं। इस गैंग की फरार महिला आरोपी सुनीता ठाकुर को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया है। जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है। जिसमें कई गंभीर तथ्य सामने आये है।
सूत्रों की माने तो इस मिनी हनीट्रेप गैंग के शिकार हुये लोगों में सरकारी कर्मचारी, रिटायर शिक्षक, वनकर्मी, नाव चालक सहित कुछ संभ्रात लोग शामिल हैं। मामले में एसपी ने 22 जून को प्रथम दृष्टा दोषी पाते हुये मुख्यालय की सिटी कोतवाली के उपनिरीक्षक जयकुमार नलवाया, महिला प्रधान आरक्षक ज्योति मांझी, आरक्षक मनोज वर्मा को सस्पेंड किया जा चुका है। पूरे मामले की जांच महिला सेल प्रभारी डीएसपी आशुतोष पटेल सहित अन्य पुलिस अधिकारी कर रहे है। पीडित लोगों ने बताया कि पहले किसी दलाल के माध्यम से लोगों को रूप के जाल में संबंधित स्थानों पर ले जाकर मुलाकात कराई जाती है और फिर उनके वीडियों बनाकर शुरू होता है वसूली का खेल। जिसमें थाने की पुलिस भी मिली रहती है।
इधर पुलिस ने गैंग की महिला को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे शुक्रवार शाम को भोपाल से होशंगाबाद लाया गया। एसपी ऑफिस में आरोपी महिला के देर शाम तक पुलिस सुरक्षा के बीच बयान होते रहे। इस दौरान अवैध वसूली का शिकार हुये पीडि़तों के बयान भी लिए गए है। इस मामले में वन विभाग का एक कर्मचारी भी इस मिनी हनीट्रेप गैंग का शिकार हुआ है। जिसके बेटे ने बताया कि लगभग एक साल पहले सुनीता ठाकुर नामक महिला ने मेरे पापा को बेराखेड़ी के एक दलाल के माध्यम से फंसाया था। उसके बाद देहात थाने के कांस्टेबल ने फोन कर बताया कि सुनीता ठाकुर ने तुम्हारी नाम की शिकायत दर्ज कराई है। अगर मामले को रफादफा करना है तो 1 लाख रुपए दे दो। इसके बाद हमने कर्ज लेकर 70 हजार रुपए में समझौता किया था। इस मामले में अब पीडित पक्ष ने एसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। दूसरी तरफ इस पूरे कांड में सराफा की किसी एक लॉज का भी नाम सुर्खियों में आ रहा है। फिलहाल पुलिस अधिकारी जांच के चलते कुछ भी कहने से बच रहे है। इस मामले में अब देहात थाने के एक पुलिस कर्मी का भी नाम सामने आ रहा है। उस संबंध में थाना प्रभारी अनूप सिंह नैन ने बताया कि यह जांच उच्च स्तर पर चल रही है। इस मामले में जो भी दोषी कर्मचारी है उस पर कठोर कार्रवाई होना चाहिए। पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह गौर ने बताया कि जांच बहुत ही गंभीरता से चल रही ह। इस संबंध में पूरी जानकारी कल दी जाएगी।
