Self Add

कोरोना राहत के लिए जेजेपी ने दिए 51 लाख रूपये

दुनिया भर में फैली महामारी कोविड-19 से निपटने के लिए जननायक जनता पार्टी ने अपने पार्टी फंड से 51 लाख रुपये की सहायता राशि राज्य सरकार को दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से उनके निवास पर मुलाकात कर इस राशि का चैक सौंपा और कहा कि इस संकट से निपटने के लिए पार्टी की जो भी जिम्मेदारी सरकार लगाना चाहे, जेजेपी का हर कार्यकर्ता उसके लिए तैयार है।

वरिष्ठ जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनंत राम तंवर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बहन फूलवती, शिवालिक विकास बोर्ड के सदस्य राजकुमार सैणी और पार्टी कार्यालय सचिव रणधीर सिंह ने रविवार सुबह मुख्यमंत्री राहत कोष के नाम 51 लाख रुपये का चैक मुख्यमंत्री को दिया। दिग्विजय चौटाला ने बताया कि इस आपदा से निपटने के लिए जरूरत के हिसाब से जेजेपी आने वाले दिनों में और भी आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाएगी। साथ ही उन्होंने पूरा विश्वास दिलाया कि हरियाणा के हर जिले में मौजूद पार्टी के पदाधिकारी इस लड़ाई में सरकार का सहयोग दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जेजेपी और इसकी छात्र इकाई इनसो के कार्यकर्ता तन मन धन से सरकार की मदद करने को तैयार है और उनकी जहां कहीं जो भी ड्यूटी लगाई जाएगी, उसे जिम्मेदारी से निभाया जाएगा। दिग्विजय ने बताया कि उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला जी अपना पूरा समय प्रदेश में मौजूदा हालात और राहत कार्यों पर नजर रखने में बिता रहे हैं और विशेषकर खाद्य और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के जरिये खुद उपमुख्यमंत्री और पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता विभिन्न जगहों पर फंसे लोगों तक मदद पहुंचा रहे हैं।

पार्टी नेताओं ने अलग अलग तरीकों से जागरुकता फैलाने और सतर्क रहने पर अपने कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया और भरोसा जताया कि देश यह जंग जल्द ही जीत लेगा। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि 51 लाख रूपये की यह राशि कार्यकर्ताओं और नए सदस्यों द्वारा पार्टी फंड में दिए गए अंशदान से जमा हुई है। उन्होंने चंदा देने वाले सभी लोगों और पार्टी पदाधिकारियों का निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद किया, और कहा कि जरूरत की इस घड़ी में अपने आसपास के लोगों की निरंतर मदद करते रहें।

गौरतलब है कि जननायक जनता पार्टी अपने पार्टी फंड से कोरोना राहत कोष में चंदा देने वाली पहली पार्टी है। जेजेपी की ओर से यह इरादा भी जाहिर किया गया है कि जरूरत के हिसाब से आने वाले दिनों में वे इसी तरह की और भी आर्थिक सहायता करेंगे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

You might also like
kartea