
चंडीगढ़। हरियाणा के बाद अब चंडीगढ़ प्रशासन ने भी कोरोना संबंधित सभी पाबंदियों को हटाने का फैसला किया है। अब चंडीगढ़ में किसी भी सार्वजनिक स्थल और वर्कप्लेस पर मास्क नहीं पहनने पर पेनल्टी नहीं लगेगी। चंडीगढ़ में मास्क पहनने की अनिवार्यता को खत्म कर दिया गया है।
स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की स्टेट एग्जीक्यूटिव कमेटी के चेयरमैन कम एडवाइजर धर्मपाल ने यह आदेश जारी किए हैं इन आदेशों के तहत अब कोरोनावायरस संबंधी सभी तरह की पाबंदियों को हटा दिया गया है। हालांकि यूटी प्रशासन ने लोगों से अभी भी सुरक्षा के लिहाज से कोरोना संबंधी गाइडलाइंस का पालन करने की सलाह दी है,जिसके तहत मास्क लगाना, हाथ धोना और उचित दूरी जैसे नियमों का पालन करने सुनिश्चित करने की अपील की है।बता दें कि चंडीगढ़ में अभी भी सार्वजनिक स्थलों पर बिना मास्क मिलने पर चालान किए जाते थे, कई बार चंडीगढ़ पुलिस बिना मास्क ड्राइविंग करने पर भी चालान करती थी। साथ ही कई प्रदेशों में मास्क की अनिवार्यता खत्म करने के बाद लोगों के मन में दुविधा रहती थीl
चंडीगढ़ में अब 18 कोरोना एक्टिव मरीज
चंडीगढ़ में बीते 24 घंटे में एक कोरोना संक्रमित मरीज मिला है। सेक्टर-32 में एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। संक्रमण दर 0.17 फीसद दर्ज की गई। बीते एक हफ्ते में रोजाना औसत तीन लोग संक्रमित पाए गए हैं। इस समय 18 कोरोना एक्टिव मरीजों का इलाज चल रहा है। बीते 24 घंटे में 578 लोगों का कोविड टेस्ट किया गया। एक कोरोना संक्रमित मरीज को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। अब तक शहर में कुल 91,929 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग 11,22,572 लोगों का कोविड टेस्ट कर चुका है। कुल 10,28,897 लोगों की कोविड रिपोर्ट नेगेटिव आई। 1746 लोगों के कोविड सैंपल तकनीकी खामियों की वजह से खारिज किए गए। 90,746 संक्रमित मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। कोरोना से कुल 1,165 लोगों की मौत हो चुकी है।
source news: jagran
