जानिए कौनसे कौनसे हैं ये जिले ?, हरियाणा में नौ जिले कोरोना फ्री

हरियाणा के 22 में से 9 जिले अब कोरोना फ्री हो गए हैं। इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण का हरियाणा डटकर मुकाबला कर रहा है। पॉजिटिव मरीजों के कुल आंकड़े के मुकाबले ठीक होने वालों की संख्या में हरियाणा ने दूसरे राज्यों को काफी पीछे छोड़ा हुआ है।

बात करें पिछले 24 घंटे की, तो हरियाणा के लिए काफी राहत भरे माने जा रहे हैं। हालांकि इस अवधि में 8 नए पॉजिटिव के सामने आए हैं, लेकिन 21 मरीज कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं।

हरियाणा के 22 में से 9 जिले कोरोना फ्री हो गए हैं। तीन जिलों झज्जर, रेवाड़ी व महेंद्रगढ़ में तो पहले से ही कोरोना मरीज नहीं पाए गए। इसके बाद भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, सिरसा व यमुनानगर में पॉजिटिव मिले मरीजों ने भी अस्पतालों में कोरोना को मात देने में कामयाबी हासिल की है।

भिवानी में कुल 2, यमुनानगर में 3 फतेहाबाद व दादरी में 1-1 तथा सिरसा में 4 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले थे। सिरसा में तो एक ही परिवार के लोग कोरोना पॉजिटिव थे। 2 बच्चों ने पहले कोरोना को हराया और अब उनकी मां भी ठीक होकर अस्पताल से अपने घर लौट आई है। रोहतक में अभी तक कोरोना पॉजिटिव एक ही केस था, उसकी मौत हो चुकी है। उसके बाद जिले में कोरोना का एक भी नया केस नहीं आया है। इस तरह से राज्य के 9 जिले कोरोना मुक्त हो चुके हैं।

नूह में सर्वाधिक 56 पॉजीटिव केस मिलने की वजह से यहां संकट बना हुआ है। दादरी से 1, फरीदाबाद से 2, जींद से 1, करनाल से 2, नूह से 3, पलवल से 7, सिरसा से 2, तथा यमुनानगर से 3 पॉजिटिव मरीज ठीक हुए हैं। इन सभी को अस्पतालों से डिस्चार्ज कर दिया गया है।

You might also like