Self Add

पुलिस पर लगाए कई आरोप, लाइसेंसी रिवॉल्वर के साथ थाने पहुंचा इनेलो प्रदेश अध्यक्ष का बेटा

IMAGES SOURCE : GOOGLE

इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी के बेटे जितेंद्र राठी अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर के साथ शहर के सिटी थाने पहुंचे। दरअसल राठी कोर्ट के आदेश पर अपना रिवाल्वर थाने में जमा करवाने के लिए गए थे। उनका आरोप है कि पुलिस अधिकारियों ने पहले तो उनका रिवाल्वर लेने से साफ मना कर दिया, लेकिन बाद में मीडिया कर्मियों के पहुंचने के बाद जितेंद्र राठी का लाइसेंस रिवाल्वर थाने में जमा कर लिया गया। नफे सिंह के बेटे जितेंद्र राठी को अपना हथियार जमा करवाने के लिए जिला उपायुक्त की तरफ से नोटिस दिया गया था। उस नोटिस में पूर्व मंत्री मांगेराम के बेटे जगदीश नंबरदार द्वारा आत्महत्या करने की घटना का हवाला देकर उन्हें अपना असलहा जमा कराने के आदेश दिए गए हैं, जबकि जितेंद्र राठी इस केस में आरोपी है ही नहीं।

 

राठी का दावा, पुलिस ने उनकी रिवाल्वर जमा करने से किया मना

जितेंद्र राठी ने कहा कि उन्हें डर है कि पुलिस उन्हें किसी झूठे मुकदमे में फंसा सकती है। इसलिए वे अपनी रिवाल्वर जमा करवाने के लिए थाने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें साफ मना करते हुए कहा कि वे उनका हथियार थाने में जमा नहीं करवाएंगे। उन्होंने बताया कि नफे सिंह राठी का लाइसेंस रिवाल्वर पंचायत चुनाव से पहले ही थाने में जमा करवाया जा चुका है। इसके बावजूद इनेलो प्रदेश अध्यक्ष को भी नोटिस भेजा गया है। वहीं नफे सिंह राठी के भांजे अजय दलाल उर्फ सोनू का रिवाल्वर भी बीती शाम थाने में जमा करवाया जा चुका है।

 

नफे सिंह के भतीजे ने पुलिस पर नाजायज परेशान करने का लगाया आरोप

नफे सिंह राठी के भतीजे कपूर राठी ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि वे और उनके भाई मिलकर 7 करोड़ रुपए सालाना टैक्स भरते हैं। शहर के ईमानदार टैक्स पेयर को पुलिस और सरकार नाजायज परेशान कर रही है। झूठे मुकदमे बनाए जा रहे हैं, लेकिन वह इससे झुकने वाले नहीं हैं। वे पुलिस कि इस कार्यशैली के खिलाफ न्यायालय में जरूर जाएंगे। इतना ही नहीं उनके खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करने वाले लोगों पर भी मानहानि का मुकदमा भी जरूर दर्ज कराएंगे।

पूर्व मंत्री को बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी हैं नफे सिंह राठी

गौर रहे कि पूर्व मंत्री मांगेराम राठी के बेटे जगदीश नंबरदार की आत्महत्या के मामले में नफे सिंह राठी समेत छह लोगों पर उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस बीच राठी के बेटे जितेंद्र को भी पुलिस ने 420 के एक मुकदमे में अरेस्ट कर जेल भेज दिया था। नफे सिंह राठी को कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल चुकी है। वहीं जितेंद्र राठी भी इस समय जमानत पर बाहर हैं। पुलिस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर चुकी है, लेकिन अभी तक जांच में कुछ खास सामने नहीं आया है।

 

 

NEWS SOURCE : punjabkesari

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

You might also like
kartea