जरूरी सेवाओं के लिए लगातार आवाजाही करने वालों पर भी अब स्वास्थ्य विभाग ने नजरें टिका ली है। खरखौदा में ऐसे लोगों का रिकार्ड तैयार कर उनके घरों के बाहर फ्रीक्वेंटली-ट्रैवलर का पोस्टर चस्पा करना शुरू कर दिया गया है। कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. नितिन फलस्वाल ने इसे लेकर रविवार को स्वास्थ्य निरीक्षकों की बैठक ली और उन्हें क्षेत्र के ऐसे लोगों का पता लगाने के निर्देश दिए जो लगातार आवाजाही कर रहे हैं।
डॉ. फलस्वाल ने बताया कि लॉकडाउन के बीच में भी ऐसे बहुत से लोग हैं जो सरकारी अथवा जरूरी सेवाओं में कार्यरत हैं और अपने घरों से विभिन्न स्थानों पर आवाजाही कर रहे हैं। इसके साथ ही अन्य लोग भी अपने घरों से दूसरी जगहों पर आ-जा रहे हैं। अब स्वास्थ्य विभाग ने फैसला लिया है कि ऐसे लोगों के घरों के बाहर फ्रीक्वेंटली-ट्रैवलर का पोस्टर चस्पा किया जाएगा।
इसके साथ ही पड़ोसियों को भी बताया जाएगा कि उस घर के सदस्यों से संपर्क न करें। उन्होंने कहा कि होम क्वारंटाइन का पालन न करने वालों पर तो कार्रवाई होगी ही, वहीं अगर फ्रीक्वेंटली-ट्रैवलर द्वारा भी लापरवाही बरती जाती है तो उन पर भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
