
फरीदाबाद: एनएचपीसी मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक के हाथ से 11 लाख रुपये से भरा बैग झपट लिया और फरार हो गए। युवक ने इसकी सूचना अपने मालिक को दी। घटना पांच जून की है, लेकिन इस संबंध में पुलिस को शिकायत नहीं दी गई थी। सोमवार देर शाम को शिकायतकर्ता ने थाने में शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एनआईटी दो नंबर के रहने वाले मनोज यादव ने बताया कि वह दो नंबर के रहने वाले संदीप के पास नौकरी करते हैं। पांच जून को दिल्ली के करोल बाग से 11 लाख रुपये बैग में रखकर यहां आ रहे थे। उनकी बाइक पर दो और साथी बैठे हुए थे। बैग उसके पास था। एनएचपीसी मेट्रो स्टेशन के पास लघु शंका करने के लिए रुक गया।
पिस्टल दिखाकर दी धमकी
वह बैग लेकर लघु शंका करने जा रहा था, तभी दो बाइक पर कई युवक आए और उसका बैग छीनने लगे। विरोध करने पर युवकों ने उसे पिस्टल दिखाकर धमकी दी। सभी युवकों पर पिस्टल थी। मनोज यादव का कहना है कि पुलिस उसी पर शक कर रही थी। इस वजह से उससे काफी सख्ती से पूछताछ की गई। अब क्राइम ब्रांच की टीम मामले की गहनता से जांच कर रही हैं।
पुलिस की ले सकते हैं मदद
हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जो बाइक मनोज बता रहा है, उस तरह की बाइक फुटेज में देखी जा रही हैं। पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा के अनुसार कई बार आमजन से अपील की है कि वे 10 लाख या इससे अधिक रकम इधर से उधर ले जाते हैं तो पुलिस की मदद ले सकते हैं। एक पुलिसकर्मी रकम ले जाने वाले के साथ भेजा जा सकता है, लेकिन लोग नहीं मानते। इस वजह से कई बार इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं।
NEWS SOURCE : jagran
