
बल्लभगढ़। सेक्टर-4 के एक राशन डिपो पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने बुधवार को छापेमारी की। इस दौरान टीम को जांच में डिपो पर गेहूं के पांच कट्टे कम मिले और 98 किलो चीनी का स्टॉक ज्यादा पाया गया। शिकायत पर पुलिस ने डिपो संचालक और नोमिनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। साथ ही खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने डिपो को सील कर राशन की आपूर्ति रोकने के आदेश दिए हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक गिरीश मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 21 जून को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की गुप्त सूचना पर सेक्टर-4 के पटेल नगर झुग्गी बस्ती निवासी किशनपाल डिपो धारक के डिपो पर उन्होंने और उप-निरिक्षक,अखिल जैन के मिलकर छापेमारी की। इस दौरान उसका डिपो बंद मिला। इस पर पुलिस की उपस्थिति में डिपो को सील कर शटर पर एक नोटिस चिपका दिया गया।
बुधवार को उपरोक्त डिपो धारक के नोमिनी बलराम ने उनको फोन पर सूचित किया कि वह पलवल से लौट आया है और डिपो पर मौजूद रहेगा। इस पर दोपहर को उसने मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम और स्थानीय पुलिस की उपस्थिति में डिपो खोला तो जांच करने पर डिपो में पांच गेहूं के कट्टे कम मिले और 98 किलो चीनी फालतू पाई गई। उसके बाद डिपो को सील कर दिया गया। स्टॉक के बारे में पूछताछ के बाद वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पुलिस ने निरीक्षक के बयान पर डिपो संचालक किशनपाल व नोमीनी बलराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। निरीक्षक गिरीश मिश्रा ने बताया कि डिपो संचालक की सप्लाई को रोकने के आदेश भी जारी करा दिए है।
NEWS SOURCE : livehindustan
