सफाईकर्मियों को तीन महीने से नहीं मिला वेतन

सफाईकर्मियों को जँहा एक ओर सरकार द्वारा कोरोना योद्धा का दर्जा दिया जा रहा है वही दूसरी ओर रायपुर रानी क्षेत्र में दिन रात काम कर रहे सफाईकर्मियों को तीन महीने का वेतन नही दिया गया। ठेकेदार के अंतर्गत खण्ड की पांच पंचायतों रायपुर रानी, खेड़ी, गढ़ी कोटाहा, रत्ताटिब्बी, टिब्बी माजरा में काम करने वाले 18 सफाईकर्मियों को ठेकेदार द्वारा तीन महीने का मानदेय नही दिया गया।

ठेके पर सफाईकर्मी का काम करने वाले सौरभ, संदीप, हरीश, संजय, कमल, दिनेश, मोहित, सतीश, गुरदीप, मनन, सोमनाथ, नितेश, आकाश, संजय कुमार, राहुल ने बताया कि उन्हें तीन माह का वेतन न मिलने के कारण भूखे रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। सभी सफाईकर्मियों ने उच्च न्यायालय के अधिवक्ता अश्वनी नागरा से भी मुलाकात की है और न्याय दिलवाने की गुहार लगाई है।

सफाईकर्मियों का कहना है कि अगर उन्हें उनके मेहनत की कमाई नही दी गयी तो वे माननीय उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटायेगे। सफाईकर्मियों ने वेतन न मिलने के कारण तीन दिनों से क्षेत्र में सफाई का काम भी बन्द किया हुआ है।जब इस बारे जिला योजना अधिकारी देवेन्द्र सांगवान से फोन पर बात की तो उन्होंने बताया कि ठेकेदार ठीक ढंग से काम नही कर रहा है। सभी सरपँच इसकी शिकायत करते है कि ठेकेदार ठीक तरीके से कम नही कर रहा।

एग्रीमेंट के हिसाब से ठेकेदार द्वारा काम नही किया जा रहा। ठेकेदार का तीन महीने का पैसा रोका गया है क्योंकि पँचायत और बीडीपीओ कार्यालय से ठेकेदार की सन्तुष्टि रिपोर्ट नही आई है। ठेकेदार को कई बार पत्र लिखकर ठीक तरीके से काम करने बारे अवगत करवाया गया है। एग्रीमेंट के हिसाब से काम करके दिये जाने पर ठेकेदार की पेमेंट भेज दी जायेगी।

You might also like