गुरुग्राम जिले की सभी सीमाएं आज से सील कर दी गई हैं। विशेषकर दिल्ली की ओर से आवागमन पर इनका सख्ती से पालन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा कम से कम लोगों को सीमा पर आवागमन की अनुमति दी जाएगी और वह भी बहुत आवश्यक होने पर ही मिलेगी। यह आदेश जिलाधीश एवं उपायुक्त अमित खत्री द्वारा जारी किए गए हैं। जो आज 1 मई से प्रभावी होंगे।
जिलाधीश द्वारा जारी आदेशों में कहा गया है कि वायरस को बढ़ने से रोकने के लिए जनहित में ऐसे उपाय किए जाने अनिवार्य हैं। इसके लिए जरूरी है कि गुरुग्राम में काम कर रहे बाहर के निवासियों के रहने की व्यवस्था प्रबंधन गुड़गांव में ही करें। वही गुरुग्राम में रहने वाले और अन्य जगहों पर काम करने वाले लोगों के रहने की व्यवस्था वहां का प्रबंधन वही करें। जिससे प्रतिदिन सीमा पर आवागमन को समाप्त किया जा सके।
आदेशों में यह भी कहा गया है कि गृह मंत्रालय के आदेश अनुसार दी गई छूट के तहत पहले से जिन्हें अनुमति दी गई है वह सीमा पार आ जा सकेंगे। इनके अलावा बहुत ही अनिवार्य होने पर सीमा पर आने जाने के लिए जिलाधीश कार्यालय से अनुमति लेनी होगी। इन आदेशों का पालन करने के लिए पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है।
