देखें, 26 साल का युवक कोरोना पॉजिटिव
यमुनानगर में नांदेड़ साहिब से पांच श्रद्धालु 30 अप्रैल को लौटे थे। सभी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। अब रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। इनमें से चार की रिपोर्ट जहां नेगेटिव है वहीं एक की पॉजिटिव है।
नांदेड़ साहिब गुरुद्वारा साहब से सिख श्रद्धालुओं का जत्था पंजाब आया था। इसमें यमुनानगर के लोग भी थे। अंबाला से होते हुए करीब पांच लोग 30 अप्रैल को यमुनानगर पहुंचे। यहां स्वास्थ्य विभाग ने जांच करते हुए उन्हें क्वारंटाइन को कहा था। उनमें से चार की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है, जबकि एक कालिंदी कालोनी का 26 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला।
सीएमओ डॉक्टर विजय दहिया का कहना है कि इलाके को सील करावाया गया। साथ ही साढौरा में भी नौ लोग नांदेड़ साहिब से आए हैं। उनके भी सैंपल भेजे गए हैं। जल्द रिपोर्ट आ जाएगी
कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अब बाहर से आने वाले हर व्यक्ति की जांच हो रही है। जिले में हुजूर साहिब से आए चार, नांदेड़ से लौटे नौ और महाराष्ट्र से आए सात लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है। उन पर स्वास्थ्य विभाग नियमित निगरानी रख रहा है।
महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित सच्चखंड साहिब के दर्शन कर लौटे लाहडपुर के नौ ग्रामीणों के अलावा उनके परिवार के दो लोगों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग ने लिए। सभी को होम क्वारंटाइन किया गया है। दरअसल, ये लोग नांदेड़ से लौटते समय पंजाब के जिला मोहाली में रुके थे। वहां से यह सभी श्रद्धालु गांव लौटे थे। नांदेड़ से लौटे कुछ लोगों के दूसरे राज्यों व जिलों में कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद विभाग ने एहतियातन उनको क्वारंटाइन किया है।
एसएमओ डॉ. अमरीश ने बताया कि नांदेड़ से लौटे 9 ग्रामीणों के अलावा उनके दो परिजनों की स्वास्थ्य की जांच की गई है। अभी ये ठीक है। सोमवार तक इनकी रिपोर्ट आएगी।
सरस्वतीनगर ब्लॉक के गांव ऊंचा चांदना में हुजूर साहिब से आए चार लोगों की जांच कराई गई। उन्हें एंबुलेंस से पुलिस कोविड अस्पताल में लेकर गई। जहां उनकी स्क्रीनिंग की गई। एसएचओ जगबीर सिंह ने बताया कि चारों हुजूर साहिब से पटियाला- अंबाला होते हुए ऊंचा चांदना आए थे। अंबाला में भी उनका मेडिकल हुआ था, लेकिन एहतियात के तौर पर उनकी दोबारा जांच कराई गई। उनमें फिलहाल कोई सिमटम नहीं मिला, लेकिन 28 मई तक उन्हें क्वारंटाइन किया गया है।