खुद को बताया था पुलिसकर्मी, युवती से 40 लोगों द्वारा गैंगरेप के मामले में 21 महीने बाद आरोपी गिरफ्तार
पंचकूला के बहुचर्चित मोरनी गैंगरेप मामले में 21 महीने बाद एक और आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने गैंगरेप के आरोपी विष्णु को कोर्ट में पेश किया। जहां कोर्ट ने आरोपी को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
वर्ष 2018 में 40 लोगों ने पंचकूला के मोरनी में महिला के साथ गैंगरेप किया था। जिसके बाद पुलिस विभाग के उच्च पदस्थ अधिकारियों ने मामले में एसआईटी का गठित की थी। एसआईटी ने ही करीब 21 महीने बाद एक और आरोपी विष्णु को गिरफ्तार किया है। यह वही आरोपी है, जिसने पीड़िता को स्वयं को पुलिसकर्मी बताकर पचास रुपये का एक नोट दिया था। आरोपी ने उस नोट पर अपना मोबाइल नंबर भी लिखा था।
आरोपी विष्णु नारायणगढ़ का रहने वाला है। मामले में हैरत की बात यह है कि पुलिस जांच में पता लगा कि आरोपी पुलिसकर्मी है ही नहीं।
आपको बता दें कि जिला पुलिस ने मामले में पीड़िता के पति को भी गिरफ्तार किया था। सूत्रों के मुताबिक पीड़िता के पति को संदिग्ध भूमिका के चलते गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
दरअसल, मोरनी में गेस्ट हाउस के संचालक सन्नी ने ही शिकायतकर्ता की मुलाकात फर्जी पुलिसकर्मी बताने वाले विष्णु से करवाई थी। इसके बाद आरोपी ने पचास रुपये के नोट पर लिपिस्टिक से अपना मोबाइल नंबर लिखकर दिया था। वह नोट महिला के कपड़े धुलते समय उसके पति को मिला था।