छः साल का बच्चा व पिता कोरोना पॉजिटिव
प्रदेश में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज पानीपत में तीन और कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इसराना के कालखा गांव में छह वर्षीय बालक व उसके पिता और पावंटी गांव के युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिलने से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। बच्चे और पिता दोनों को खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
दीनानाथ कॉलोनी में कोरोना संक्रमित मृतक, पिता-पुत्र और पांवटी के युवक सहित पॉजिटिव की संख्या 34 हो गई है। पावंटी का युवक दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में किसी अपने का इलाज करवाने के लिए गया था। वह एक मई को पानीपत लौटा था। तभी से वह क्वारंटाइन है।
वहीं नौल्था सीएचसी के मेडिकल ऑफिसर डॉ. रिंकू सागंवान ने बताया कि कालखा वासी 33 वर्षीय युवक फतेहाबाद में जॉब करता था। लॉकडाउन से पहले ही गांव आ गया था। बीते 30 अप्रैल को उसे व उसके छह वर्षीय पुत्र को खांसी-जुकाम हुआ। किसी प्राइवेट हॉस्पिटल से दवा भी ली। उसी डॉक्टर के परामर्श पर सिविल अस्पताल में स्वाब सैंपल लिए थे। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। दोनों को पीजीआइ खानपुर रेफर किया गया है।
डॉ. सांगवान के मुताबिक परिवार के नौ लोगों को स्वाब सैंपल के लिए सिविल अस्पताल भेजा है। संपर्क वाले कुछ लोगों को होम क्वारंटाइन में रखा गया है।
स्वास्थ्य विभाग की 16 सदस्यीय टीम ने पुलिस की मदद से गांव को सील कराते हुए 600 घरों में दस्तक दी। इन घरों में 4370 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। हालांकि कोरोना संक्रमण जैसे लक्षण किसी में नहीं मिले। ग्रामीणों को लॉकडाउन का पालन करने की सीख दी गई है।
दीनानाथ कॉलोनी में जहां कोरोना संक्रमण से पहली मौत हुई है, वहीं कालखा में कोरोना पॉजिटिव जिले को पहला बच्चा है। अभी तक सबसे कम आयु का तीन दिन पहले सब्जी मंडी में मिला 17 वर्षीय युवक पॉजिटिव था।