
फरीदाबाद। थाना सारन के अंतर्गत 13 दिसंबर आधी रात के बाद बाबा मंडी में दुकानदार महेश को जलाकर मारने के प्रयास के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर उनके भाई बिट्टू बजरंगी ने गहरी नाराजगी जाहिर की है। बिट्टू बजरंगी ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में स्पष्ट कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
पुलिस को नहीं लगे ठोस सबूत
उन्होंने कहा कि रविवार को प्याली चौक के पार्क में सुबह 11 बजे पंचायत की जाएगी। इसमें तय किया जाएगा कि आगे क्या करना है। बता दें इस मामले में पुलिस आयुक्त राकेश कुमार आर्य कुछ दिन पहले घटनास्थल का दौरा कर चुके हैं। मामले की जांच एसीपी क्राइम अमन यादव के नेतृत्व में चल रही है, लेकिन अभी ठोस सबूत पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं।
इसलिए मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच से भी कुछ सामने नहीं आ सका है। हालांकि पीड़ित महेश ने अरमान नामक युवक का नाम लिया था लेकिन पुलिस पूछताछ में उसकी भूमिका अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। इसलिए उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
बिट्टू ने इससे पहले कहा था कि 20 दिसंबर तक पुलिस इस मामले में कुछ नहीं करती है तो वह 21 दिसंबर को कुछ भी कर सकते हैं, लेकिन शुक्रवार को यानी 22 दिसंबर को बिट्टू ने कहा कि वह इस बारे में अब अपने समाज की मदद लेंगे। सारन थाना पुलिस इस मामले में जानलेवा हमला करने सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर चुकी है।
तो क्या खुद जल गया मेरा भाई
एक सवाल के जवाब में बिट्टू बजरंगी ने कहा कि घटना के पुलिस को सबूत नहीं मिल रहे तो क्या मेरे भाई को नहीं जलाया गया। या फिर भाई ने खुद ही आग लगा ली है। सबूत ढूंढना पुलिस का काम है। सीधे रूप से एक आरोपित को नामजद कराया गया है। उससे सख्ती से पूछताछ की जाए। वह किसी भी कीमत पर चुप नहीं बैठेंगे। हर हाल में अपने भाई को न्याय दिलाकर रहेंगे। इसके लिए वह कुछ भी कर सकते हैं। उसने आरोप लगाया कि पुलिस राजनीतिक दबाव के चलते कार्रवाई नहीं कर रही है।
रात को मिले थे एसीपी
एसीपी अमन यादव ने बुधवार रात को बिट्टू से मुलाकात की थी। इस पर बिट्टू ने बताया कि एसीपी ने आश्वस्त किया है कि जल्द उचित कार्रवाई होगी। उधर पुलिस प्रवक्ता ने केवल इतना कहा कि एसआइटी मामले की गहनता से जांच कर रही है। सभी एंगल से जांच की जा रही है। ताकि वारदात में शामिल कोई भी आरोपित बच न सके। मामले की तह तक जाकर सच्चाई पता की जा रही है।
NEWS SOURCE : jagran
