
बल्लभगढ़: इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि शुक्रवार को जजपा नेता कुलदीप सिंह तेवतिया को गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया ने व्हाट्सएप कॉल कर जान से मारने की धमकी दी है। नीरज ने कॉल कर कुलदीप तेवतिया से वर्ष 2019 में हुए कांग्रेसी नेता विकास चौधरी हत्याकांड में समझौता कराने के लिए कहा है। साथ ही इस मामले में गवाहों को भी समझाकर रोकने की बात कही है। जजपा नेता ने पुलिस कमिश्नर डॉ. राकेश आर्या से सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की है।
जजपा नेता व पूर्व पार्षद कुलदीप तेवतिया ने बताया कि शुक्रवार शाम को व्हाट्सअप कॉल आई। कॉलर ने स्वयं को गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया बताते हुए कहा कि वह कांग्रेस प्रवक्ता विकास चौधरी हत्या मामले में उसका फैसला कराए। साथ ही इस मामले में कोर्ट में गवाही न होने दे। ऐसा न होने पर उनको व परिवार को जान से मारने की धमकी दी। धमकी मिलने के बाद जजपा नेता कुलदीप पुलिस आयुक्त डॉ. राकेश आर्य से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग को लेकर मिलने गए लेकिन वह मौजूद नहीं थे। जजपा नेता ने बताया कि पुलिस आयुक्त की ओर से आठ माह से उनकी सुरक्षा के लिए एक पुलिसकर्मी नियुक्त किया हुआ है। जजपा नेता ने सेक्टर-8 पुलिस चौकी में शिकायत दे दी है।
2019 में कांग्रेस प्रवक्ता की हत्या की गई थी
वर्ष 2019 में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विकास चौधरी की सेक्टर-9 में जिम से बाहर निकलते हुए गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में कौशल और नीरज फरीदपुरिया गैंग शामिल थे। हत्याकांड में शामिल सात आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया था। दो आरोपी ग्रेटर फरीदाबाद के फरीदपुर के रहने वाले थे। वहीं तीन आरोपी सोनीपत, एक रोहतक और एक बहादुरगढ़ का था। पकड़े गए सात आरोपियों में चार हत्या में शामिल थे।
जजपा नेता कुलदीप को धमकी देने की कोई भी लिखित शिकायत उनको नहीं मिली है।
-अमन यादव, एसीपी क्राइम
NEWS SOURCE : amarujala
