
फरीदाबाद: होली दिन के दिन बारिश रंग में भंग डाल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रितयता के चलते 24 और 25 मार्च को फरीदाबाद समेत आसपास के क्षेत्रों में दिनभर आसमान में बादल छाये रहेंगे। साथ ही बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो इससे तापमान में भी आंशिक रूप से कर्मी आएगी और होली के दिन लोगों को गुलाबी ठंड का अहसास होगा। मौसम विभाग के अनुसार मौजूदा समय में मौसम शुष्क है। ऐसे में हवा के शांत रहने से तापमान पर असर पड़ रहा है। करीब तीन किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा के कारण लोगों को दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है।
लोग दोपहर के समय तेज धूप से बचते नजर आ रहे हैं। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्र्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 23 मार्च तक तापमान में एक या दो डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है। लेकिन 24 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने से मौसम में बदलाव आएगा। इसके चलते फरीदाबाद समेत आसपास के क्षेत्रों में दो दिनों तक दिनभर आसमान में बादल छाने की संभावना है। साथ ही बूंदाबांदी के साथ बारिश की भी संभावना है।
प्रदूषण से भी मिलेगी राहत
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार बुधवार को फरीदाबाद में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 220 दर्ज किया गया। जो समान्य से करीब चार गुणा से अधिक खराब रहा। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश होने के बाद अगले हफ्ते लोगों को प्रदूषण से राहत मिलेगी।
NEWS SOURCE : livehindustan
