हरियाणा में शराब घोटाले और शराब तस्करी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब झज्जर के दुजाना पुलिस थाने के माल गोदाम से 59 पेटी शराब गायब मिली है। दरअसल थाने के माल गोदाम की छत टूटी हुई मिली, वहां पर शराब बिखरी हुई दिखाई दी तो थाने में कार्यरत पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी।
इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई। जानकारी मिलने के बाद बेरी के डीएसपी नरेश कुमार भी माल गोदाम का जायजा लेने पहुंचे। शराब गायब होने के आरोप में माल खाना के मुंशी अश्विनी कुमार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले में किसी आरोपी पुलिसकर्मी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार दुजाना पुलिस थाना क्षेत्र से विभिन्न मामलों में बरामद की गई शराब की 820 पेटी माल गोदाम में रखी हुई थी। शराब में से अब 59 पेटी शराब गायब मिली है। 48 पेटी पव्वे कट्टों में टूटी हुई हालत में मिली है। इसके सहित 458 पेटी शराब बरामद हुई है। जबकि 52 पेटियां कम पाई गई हैं। इसके अलावा 310 पेटी शराब की बोतलों में से 198 पेटी शराब मिली है, जबकि 42 कट्टों में 105 पेटी टूटी हुई मिली है। इसके अलावा माल खाने में 7 पेटी शराब मिली है। माल खाना के मुंशी अश्विनी कुमार के खिलाफ शराब का गबन किए जाने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है।
इस मामले में दुजाना के थाना प्रभारी दिनकर सिंह ने कहा कि पुलिस थाने के माल खाना से शराब कैसे गायब हुई है? इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल माल खाना मुंशी अश्विनी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
