दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद जिले में एक युवक को नशे की लत भारी पड़ गई. दरअसल, उस युवक के दोस्तों ने ही मिलकर उसे मार डाला. सूचना मिलने पर उसकी लाश पुलिस ने एक सुनसान इलाके से बरामद की. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. कातिलों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है.
कत्ल की ये सनसनीखेज वारदात फरीदाबाद के बल्लबगढ़ इलाके की है. गुरुवार को पुलिस के पास ख़बर आई कि उपनगर के एक सुनसान इलाके में खून से लथपथ एक लाश पड़ी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर जा पहुंची. जहां जमीन पर एक शव पड़ा था. मृतक की शिनाख्त चरण सिंह के रूप में हुई. वह फरीदाबाद के ऊंचा गांव का रहने वाला था.
दरअसल, एक दुकान के सामने खड़े इलाके के लोगों ने इस संबंध में पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी. मृतक के भाई सतपाल ने बताया कि उसका भाई 45 वर्षीय चरण सिंह गुरुवार की सुबह 9 बजे उससे एक हजार रुपये लेकर गया था. इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चल सका. सतपाल ने बताया कि अभी थोड़ी देर पहले ही उसे पता चला कि उसके भाई की हत्या कर दी गई है.
सतपाल ने पुलिस को बताया कि उसे नहीं पता उसके भाई की हत्या किसने और क्यों है. हालांकि पुलिस के मुताबिक मृतक चरण सिंह नशे का आदि था और मौका-ए-वारदात से भी पुलिस ने नशे का सामान बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक मृतक के मोबाइल से अहम जानकारी मिली है. पुलिस को यह काम उसके दोस्तों का लग रहा है. पुलिस जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.
