
फरीदाबाद: क्रांगेस नेता कुणाल भड़ाना हत्या मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन से अधिक टीमें गठित की है। टीम के सदस्य आरोपियों की तलाश में दिल्ली, गुरुग्राम, पलवल, नूंह आदि स्थानों पर छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि सभी आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे। उधर, रविवार रात हुए वारदात की वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।
वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि हत्या से पहले मृतक कुणाल की आरोपी विजय व उसके दोस्त बिल्लू से कहासुनी हो रही है। दोनों तरफ से मस्जिद चौक पर लोग खड़े हैं। कहासुनी के दौरान विजय अपनी जेब से पिस्तौल निकालकर कुणाल के छाती में मार देता है। इससे वह जमीन पर गिरता है। वायरल वीडियो के अनुसार उसे एक कार से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। स्थानीय निवासी और सूत्रों की मानें तो आरोपियों और मृतक की कोई जान-पहचान नहीं थी। वारदात के दौरान आरोपी व मृतक दोनों शराब क नशे में थे। मृतक अपने एक दोस्त से बात कर रहा था, उस दौरान आरोपी विजय
की चर्चा हुई । एक दोस्त ने उसे बताया कि विजय के साथ उसकी रंजिश है। तभी शराब के नशे में एक ने विजय को फोन मिलाया। फोन पर ही उनमें जमकर गाली-गलौज हुई। मोबाइल फोन पर गाली-गलौज से नाराज विजय अपने दोस्तों के साथ आकर वारदात को अंजाम दिया।
आपराधिक प्रवृति के हैं आरोपी
सूत्रों की मानें तो हत्या मामले में फरार चल रहे विजय, बिल्लू आदि आपराधिक प्रवृति के हैं। बताया जा रहा है कि बिल्लू किसी मामले में जेल भी काट चुका है। इनके खिलाफ मारपीट व अन्य कई मामले संबंधित थाना में दर्ज हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी आरोपियों की तलाश तेजी से की जा रही है। इनकी तलाश के लिए पुलिस तकनीकि सहायता भी ले रही है।
गांव में दूसरे भी रहा गम का माहौल
कुणाल की हत्या से उनके गांव नवादा कोह में दूसरे दिन भी गम का माहौल रहा। गांव के अधिकांश लोग दिनभर इस हत्या कांड की चर्चा ही करते नजर आए। यहां तक कि इस हत्या कांड की चर्चा शहर में दिनभर होता रहा। लोग शहर में बढ़ रहे आपराधिक गतिविधियों पर अपनी चिंता व्यक्त कर रहे थे। लोग आपस में बात करते हुए पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे थे।
पुलिस कुछ लोगों से कर रही पूछताछ
जानकारी के अनुसार मामले की जांच में जुटी क्राइम ब्रांच और थाना की पुलिस संदिग्ध कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। साथ ही उनसे पूछताछ की जा रही है। दावा है कि पूछताछ के दौरान फरार चल रहे मुख्य व अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जल्द मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।
NEWS SOURCE : livehindustan
