हरियाणा में सरकारी स्कूलों के खुलने को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री आज फतेहाबाद में किसानों के साथ मेरा पानी मेरी विरासत योजना के तहत विचार विमर्श करने पहुंचे थे। इस दौरान सीएम ने कहा कि प्राइमरी स्कूलों को 31 अगस्त तक खोलने का कोई विचार नहीं है।
मुख्यमंत्री ने यहां पर पत्रकारों के सवालों का जबाव देते हुए कहा कि 15 जुलाई तक कॉलेज, 15 अगस्त तक सेकेंडरी स्कूल और 31 अगस्त तक प्राइमरी स्कूल नहीं खुलेंगे। हालांकि कॉलेज और अन्य छात्रों की परीक्षाएं ली जाएंगी। वहीं सेमेस्टर में एवरेज के माध्यम से पास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह भी साफ कर दिया कि मौके के हिसाब से फैसला लिया जाएगा। आपको बता दें कि केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल ने बीबीसी हिंदी को दिये इंटरव्यू में अगस्त के बाद ही स्कूल खोलने की बात कही थी।
