
फरीदाबाद: गांव झाड़सेंतली में एक पिता ने 50 तक गिनती न लिख पाने पर चार वर्षीय मासूम बेटी की फर्श पर पटककर जान ले ली। गुनाह छिपाने के लिए आरोपित कृष्णा जैसवाल ने पत्नी को बताया कि बेटी की सीढ़ियों से गिरने पर सिर में चोट आई, मगर सात वर्षीय बेटे ने मां को बता दिया कि पिता ने पहले छोटी बहन की पिटाई की, फिर बेलन से पीटा और उसके बाद फर्श पर पटक दिया। पत्नी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित कृष्णा जैसवाल मूलरूप से गांव खेरटीया जिला सोनभद्र उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। यहां परिवार के साथ गांव झाड़सेंतली में रहता है। परिवार में चार साल की बेटी वंशिका के अलावा पत्नी रंजीता, सात साल का बेटा व दो साल की बेटी है। कृष्णा जैसवाल और उसकी पत्नी प्राइवेट नौकरी करते हैं। पति की ड्यूटी रात में रहती है, पत्नी दिन में ड्यूटी जाती है। दिन में कृष्णा जैसवाल घर पर रहकर बच्चों को संभालता है। बच्चों को वह घर पर ही पढ़ाता है।
गिनती नहीं लिखने पर हुआ गुस्सा
बृहस्पतिवार शाम को भी वह बेटी वंशिका को पढ़ाने के दौरान 50 तक गिनती लिखने के लिए दी थी। बेटी गिनती नहीं लिख पाई। इससे कृष्णा जैसवाल गुस्से में आ गया और थप्पड़ जड़ दिए। फिर वंशिका को बेलन से पीटा। इतने तक भी कृष्णा जैसवाल नहीं रुका और गुस्से में मासूम बच्ची को उठाकर फर्श पर पटक दिया। फर्श पर सिर लगने से बच्ची को गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गई। आरोपित पिता ही उसे उठाकर अस्पताल लेकर पहुंचा और पत्नी को फोन करके बताया कि वंशिका सीढ़ियों से गिर गई है, उसे चोट लगी है। पत्नी भी ड्यूटी से सीधे अस्पताल पहुंची। अस्पताल में भी उसने यही बताया, पर सिर में गहरी चोट लगने से डाक्टरों ने वंशिका को मृत घोषित कर दिया। इधर देर शाम जब बेटी का शव लेकर घर पहुंचे तो सात साल के बेटे ने मां रंजीता को पिता की हैवानियत की सारी कहानी बता दी। यह सुनकर रंजीता के पैरों तले से जमीन खिसक गई। रंजीता ने तुरंत थाने जाकर पुलिस काे इस बारे में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया। क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
NEWS SOURCE Credit :jagran
