
फरीदाबाद: फरीदाबाद के सूरजकुंड क्षेत्र स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में बांग्लादेश के एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मुस्ताक के रूप में हुई है, जो बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था। घटना की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा हुआ माना जा रहा है।
हास्टल के कमरे में अकेला था
जानकारी के अनुसार मुस्ताक कॉलेज हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर अपने एक साथी छात्र के साथ रह रहा था। घटना के समय उसका रूममेट किसी काम से बाहर गया हुआ था। जब वह वापस कमरे में पहुंचा तो उसने मुस्ताक को पंखे से लटका देखा। इसके बाद हॉस्टल में हड़कंप मच गया। साथी छात्रों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बांग्लादेश दूतावास को दी जानकारी
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। मृतक के परिजनों के साथ-साथ बांग्लादेश दूतावास को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
प्रेम-प्रसंग की जताई जा रही आशंका
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे प्रेम-प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि छात्र की एक युवती से बातचीत होती थी, हालांकि वह कॉलेज की छात्रा नहीं बताई जा रही। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
NEWS SOURCE Credit :punjabkesari
