
फरीदाबाद: राजीव कॉलोनी में मंगलवार सुबह नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़े स्तर पर क्रैकडाउन अभियान चलाया। ऑपरेशन के तहत करीब 500 पुलिसकर्मियों और क्राइम ब्रांच की विभिन्न टीमों ने कॉलोनी को चारों तरफ से घेर लिया और घर-घर जाकर तलाशी अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने किया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सुबह करीब छह बजे क्राइम ब्रांच और पुलिस की टीमें वाहनों के काफिले के साथ राजीव कॉलोनी पहुंचीं। पुलिसकर्मियों ने कॉलोनी के सभी प्रमुख रास्तों पर नाकाबंदी कर दी, ताकि कोई संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र से बाहर न निकल सके। इसके बाद टीमों ने अलग-अलग गलियों में पहुंचकर मकानों की जांच शुरू की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। सूत्रों के अनुसार राजीव कॉलोनी में लंबे समय से नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों की ओर से भी क्षेत्र में नशे के कारोबार को लेकर चिंता जताई जा रही थी। इसी इनपुट के आधार पर क्राइम ब्रांच ने व्यापक स्तर पर यह अभियान तैयार किया। तलाशी के दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई।
