
बिहार के गयाजी जिले में एक फूफा की दरिंदगी जान कर आप हैरान रह जाएंगे। यहां अतरी थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय विक्षिप्त और मूक-बधिर नाबालिग लड़की की दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने 30 जून को मुख्य आरोपी को गया से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतका का अपना सगा फूफा मनोज मांझी है। पीड़िता के चाचा ने बताया कि आरोपी मनोज मांझी मूल रूप से सरबहदा का निवासी है, लेकिन वह साल 2017 से मेरे ही गांव में ही अपना अलग घर बनाकर सपरिवार रह रहा था।
घटना वाले दिन यानी 21 जून की रात करीब 11 बजे मनोज अपने साले के घर आया था। देर रात करीब 2 बजे, जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, तब मनोज ने लाचार बच्ची को निशाना बनाया। वह विक्षिप्त और गूंगी नाबालिग को अपने कंधे पर उठाकर घर से ले भागा। इसके बाद उसने बधार (खेत) में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और पहचान उजागर होने के डर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
22 जून को बधार में झाड़ियों से मिला शव
अगले दिन 22 जून को गांव के बधार में झाड़ियों से नाबालिग का शव मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतका के पिता ने अतरी थाने में अज्ञात लोगों के विरुद्ध दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज कराया था। वारदात की रात से ही फूफा मनोज मांझी भी अपने घर से गायब था, लेकिन अगले दिन वह वापस गांव आ गया। जब ग्रामीणों ने उससे पूछताछ की तो उसने पूरी तरह अनजान बनने का नाटक किया। मामले में नया मोड़ तब आया जब तीसरे दिन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और श्वान दस्ता जांच के लिए गांव पहुंची। पुलिस की बढ़ती सक्रियता देखकर मनोज डर गया और दोबारा गांव छोड़कर फरार हो गया। उसके इस तरह अचानक भागने से परिजनों का शक गहरा गया।
गया जंक्शन से 30 जून को पकड़ाया आरोपी
परिजनों ने लगातार उसकी तलाश की और अंततः 30 जून को उसे गया रेलवे स्टेशन से पकड़कर वापस नौरंगा गांव लाए। इसके बाद अतरी पुलिस को सूचित कर आरोपी को उनके हवाले कर दिया गया। पुलिस अभिरक्षा में कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी मनोज मांझी ने सबके सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। अतरी थाना प्रभारी अजय कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी फूफा ने अपराध को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है और स्पीडी ट्रायल के जरिए उसे सख्त सजा दिलाने की तैयारी की जा रही है।
NEWS SOURCE Credit :livehindustan
