
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की जैतपुर पुश्ता रोड से डीएनडी महारानी बाग लेन भी मंगलवार रात एनएचएआइ ने ट्रायल के लिए खोल दी है। इससे फरीदाबाद से दिल्ली समेत नोएडा जाने वालोंं को भी भी अब राहत मिल गई है। वाहन चालकों को कालिंदी कुंज या मथुरा रो़ड के जाम से जूझना नहीं पड़ेगा। रिफ्लेक्टर, दिशा सूचक व मार्किंग के कामों का निरीक्षण करने के बाद फिलहाल जैतपुर पुश्ता रोड के पास से बैरियर हटा लिए गए हैं। दोनों लेन पर ट्रैफिक के दबाव और सुरक्षा मानकों को परखा जा रहा है।
20 सितंबर तक चलेगा ट्रायल
ट्रायल 20 सितंबर तक चलेगा, जिसके बाद परिणाम को देखते हुए इस रूट पर वाहनों की आवाजाही को लेकर निर्णय लिया जाएगा। इसका आधिकारिक उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया जाना प्रस्तावित है, जिसे लेकर तिथि की घोषणा जल्द हो सकती है। एनएचएआइ ने 21 अगस्त को ट्रायल के तौर पर डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस के नौ किलोमीटर एलिवेटेड हिस्से को खोला था। रिफ्लेक्टर, दिशा सूचक, मार्किंग समेत अन्य सुरक्षा संबंधी खामियां मिलने पर 22 अगस्त को जैतपुर पुश्ता रोड से डीएनडी महारानी बाग लेन बंद करनी पड़ी। सुरक्षा संबंधी कार्यों को पूरा करते हुए अब 10 दिन बाद इसे फिर से खोला गया है। जगह-जगह पोस्टर लगाकर ट्रायल के दौरान वाहन चालकों से गति सीमा कम रहने की अपील भी गई है।
समीक्षा के बाद लिया जाएगा आगे का निर्णय
एनएचएआइ के मुताबिक दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर चल रहे काम की समीक्षा व निगरानी एक प्रशासकीय कामकाज है। रोजाना कार्यप्रगति रिपोर्ट बनती है। समय-समय पर उच्चाधिकारी निरीक्षण करते हैं। एक्सप्रेसवे की बंद एक लेन को फिर से ट्रायल के लिए मंगलवार रात खोल दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की खामी मिलने पर उसे दूर किया जा सके। बुधवार को यातायात सुरक्षा संबंधी समीक्षा करने के बाद आगे इसे जारी रखने पर निर्णय लिया जाएगा।
NEWS SOURCE Credit : jagran
