हिसार : दूध निकालने के लिए पहुंचे मालिक को गाय ने लात क्या मार दी, उसने गाय को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। पटेलनगर में रविदास कॉलोनी स्थित पोस्ट ऑफिस के पास शुक्रवार सुबह करीब सात बजे हुई इस घटना में गाय खूंटे से बंधी छटपटाती रही, लेकिन गुस्साया युवक मोहित उर्फ गोली उसके सिर और कमर पर डंडे मारता रहा। चार-पांच डंडे खाने के बाद गाय बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी और दम तोड़ दिया। आसपास के लोगों की सूचना पर जब तक पुलिस पहुंचती युवक फरार हो गया। पुलिस ने मोहित के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित कई अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पड़ोस में रहने वाले प्रत्यक्षदर्शी कुलदीप ने बताया कि मोहित ने छह गाय बांध रखी हैं। दूध निकालने के बाद वह उन्हें खुला छोड़ देता है। सुबह-शाम दूध निकालते समय गाय पकड़कर लाता है। शुक्रवार को भी मोहित ने ऐसा ही किया, मगर गाय ने दूध निकालने के समय उसे लात मारकर दूर कर दिया। इससे युवक तिलमिला गया और उसने पास पड़े डंडे से पीटना शुरू कर दिया। बछड़ा भी गाय के पास खड़ा था। वह भी डर के मारे उछलता रहा। इस मामले में पीएलए पुलिस चौकी से जांच कर रहे नसीब ने बताया कि लाला लाजपत राय विश्वविद्यालय में गाय का पोस्टमार्टम करवाया गया है। विसरा जांच के लिए लैब भेजा गया है। इसकी चार दिन बाद रिपोर्ट आएगी। वर्जन..
गाय को मारने के आरोपित पर पशु क्रूरता अधिनियम व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। युवक अभी फरार है, मगर वह जल्द ही पकड़ा जाएगा।
– रमेश कुमार, चौकी इंचार्ज, पीएलए
