चरखी दादरी में एक ही परिवार के पांच और लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इसमें संक्रमित युवक की मां, पत्नी, छह साल का बेटा, भाई और भाभी पॉजिटिव पाए गए हैं। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 77 हो गई है। वहीं अब तक 40 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है।
जानकारी के मुताबिक दादरी की गांधी नगर कॉलोनी का 24 वर्षीय युवक दिल्ली स्थित एक बैंक में कार्यरत है। बीती 12 जून को वह दिल्ली से घर लौटा था। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने 15 जून को युवक के सैंपल लेकर क्वारंटीन किया था। 17 जून को युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक के परिजनों के भी कोरोना टेस्ट किया था। इनके परिजनों की भी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इसमें युवक की मां, पत्नी, बेटा, भाई व भाभी की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।
हेल्थ बुलेटिन के अनुसार अब दादरी जिले में कोरोना के 36 एक्टिव मामले हैं तथा 40 लोग कोविड अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर जा चुके हैं। फिलहाल जिले में 1460 लोग सर्विलांस का समय पूरा कर चुके हैं तथा 1617 लोग होम क्वारंटाइन में हैं। जिले में 13 लोगों को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में तथा 9 लोगों को क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। विभाग द्वारा जिले से अभी तक भेजे गए 4703 सैंपल में से 4556 की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। विभाग को 70 सैंपल की रिपोर्ट मिलने का इंतजार है।
