सोनीपत : सोनीपत के कुंडली इलाके में Tik Tok स्टार शिवानी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या का आरोप कुंडली के ही रहने वाले आरिफ नामक युवक पर लगा है। पुलिस ने बताया कि मृतक युवती शिवानी कुंडली में टच एंड केयर नाम से सैलून चलाती थी और पड़ोसी एकतरफा प्यार में पागल था। मृतक युवती Tik Tok पर काफी फेमस थी और उसके 1 लाख 75 हजार फॉलोअर्स थे।
शिवानी की बहन श्वेता के मुताबिक 26 जून को आरिफ शिवानी से मिलने उसके ब्यूटी पार्लर आया था। श्वेता के फोन लगाने पर ये बात शिवानी ने ही उसे बताई थी। उस रात शिवानी घर नहीं लौटी तो श्वेता ने रात में मैसेज किया। मैसेज के जवाब में शिवानी के फोन से रिप्लाई आया कि वह हरिद्वार आई हुई है, और मंगलवार को लौटेगी।
इस घटना के दो दिन के बाद श्वेता के दोस्त नीरज ने ब्यूटी पार्लर खोला तो उसे बदबू आई। नीरज ने ब्यूटी पार्लर की अलमारी का दरवाजा खोला तो उसे शिवानी की लाश मिली। शिवानी के पिता विनोद की शिकायत पर पुलिस ने आरिफ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
विनोद ने पुलिस को बताया कि पहले वह प्याऊ मनियारी में रहते थे, लेकिन वहां आरिफ शिवानी को परेशान करने लगा था। इसलिए उन्होंने मकान बदल लिया था।
विनोद का आरोप है कि आरिफ ने शिवानी की हत्या करने के बाद उसके मोबाइल का उपयोग किया। शिवानी बनकर उसकी छोटी बहन श्वेता को मैसेज किए। जब भारती ने कहा कि मां बीमार है। घर कब आओगी तो बताया कि वह हरिद्वार में है और मंगलवार तक आएगी।
शिवानी की मां गीता ने कहा कि तीन साल पहले आरिफ ने शिवानी का रास्ता रोका था। जिस पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दी थी। पुलिस ने उसकी पिटाई की थी और आरिफ ने माफी मांगी थी। उन्हें आशंका है कि इसी का बदला लेने के लिए उसने बेटी की हत्या की है। शिवानी की हत्या दो दिन पहले हुई बताई जा रही है, लेकिन उसके टिक-टाॅक अकाउंट पर शव बरामद होने के करीब 7-8 घंटे पहले एक वीडियो भी पोस्ट हुआ है।
