रेवाड़ी के पास दिल्ली-जयपुर हाईवे पर केमिकल से भरा हुआ एक टैंकर फ्लाइओवर नीचे गिर गया। टैंकर फ्लाइओवर के नीचे ट्रैक्टर-ट्राली पर जा गिरा, जिससे हादसे में आठ साल के बच्चे की मौत हो गई। जबकि एक युवक और उसकी मां गंभीर रुप से घायल हो गई। वहीं टैंकर में भरे कैमिकल के रिसाव से 100 से ज्यादा गौवंश की मौत हो गई है।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली जयपुर हाईवे पर निखरी गांव के फ्लाइओवर के पास अनियंत्रित होकर कैमिकल से भरा हुआ टैंकर नीचे पलट गया। ट्रक फ्लाइओवर से नीचे सर्विस लेन में चल रहे ट्रैक्टर ट्राली पर जाकर गिरा।
बालावास निवासी आदेश अपनी मां ऊषा और आठ साल के बेटे वंशु के साथ ट्रैक्टर ट्राली में गेंहू भरकर महेश्वरी में अपनी बुआ के घऱ अनाज देने जा रहे थे। तभी निखरी के पास फ्लाइओवर पर जयपुर की तरफ से आ रहा टैंकर ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों वाहन रैलिंग तोड़ते हुए नीचे सर्विल लेन पर गिरे। टैंकर ट्राली पर जा गिरा, जिससे हादसे में बच्चे की मौत हो गई।
वहीं बताया जा रहा है कि टैंकर के पलटने के बाद वहीं पर छोड़ दिया गया जिससे कैमिकल का रिसाव होता रहा। इससे आसपास घूमने वाली 100 से ज्यादा गायों की मौत हो गई।
