बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह की मौत के मामले में हर दिन कुछ न कुछ नया सामने आ रहा है। अब सुशांत सिंह के पिता ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पिता ने पटना के राजीव नगर थाने में रिया चक्रवर्ती के खिलाफ FIR दर्ज करवा दी है। रिया पर प्रेम में फंसाकर सुशांत के पैसे निकलवाने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। अब पटना से पुलिस की टीम मुंबई भी पहुंच गई है।
मुंबई पुलिस रिया चक्रवर्ती से काफी बार कई घंटों तक पूछताछ भी कर चुकी है। वहीं, रिया ने भी गृह मंत्री अमित शाह को एक पोस्ट में सुशांत मामले में सीबीआई जांच की मांग की थी।
बता दें कि बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को अपने मुंबाई फ्लैट में फांसी के फंदे पर लटके हुए मिले थे। सुशांत के शव के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ था। तभी से ही ये मामले गंभीर हो गया और सुशांत के फैंस ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की। फैंस का कहना है कि सुशांत ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि ये सोची समझी साजिश के तहत उनकी हत्या की गई है।
हालांकि सुशांत सिंह राजपूत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की बात सामने आई थी और उनके शरीर पर बाहरी चोट के निशान भी नहीं पाए गए थे। कल ही सुशांत की विसरा रिपोर्ट भी आई और उसमें साफ बताया गया कि सुशांत के शरीर में किसी भी तरीके का कोई केमिकल या अन्य जहर नहीं था। इस मामले में पुलिस कई नामी हस्तियों से पूछताछ कर चुकी है और आज भी धर्मा प्रोडक्शन के सीईओ अपूर्वा से पूछताछ की गई है।
