हरियाणा : भारतीय वायुसेना के लिए आज काफी खास दिन है। चीन के साथ लद्दाख में LAC विवाद के बीच अंबाला एयरबेस पर आ रहे 5 राफेल फाइटर जेट की पहली तैनाती अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर की गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अंबाला एयरफोर्स स्टेशन के आसपास के 4 इलाकों में धारा 144 लागू कर दी गई है। वहीं खास बात ये है कि इन विमानों को भारत लाने में हरियाणा के गुरुग्राम का भी एक पायलट शामिल है। गुरुग्राम के बसई गांव का रोहित कटारिया देश के उन चुनिंदा पायलटों में एक हैं जो फ्रांस से अत्याधिक लड़ाकू विमान राफेल लेकर भारत आए हैं। रोहित के पिता भी आर्मी से रिटायर्ड कर्नल है। वह फ्रांस जाकर राफेल चलाने की ट्रेनिंग भी ले चुके है। रोहित कटारिया कोडरमा स्थित सैनिक स्कूल के छात्र रहे है।
बता दें कि ये विमान लगभग 7,000 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद आज पांचों राफेल अंबाला पहुंच गए हैं। एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया ने अंबाला एयरबेस पर इन विमानों का स्वागत किया। इस बेड़े में तीन सिंगल सीटर और दो डबल सीटर विमान शामिल हैं। इन्हें भारतीय वायुसेना के 17 वें स्क्वाड्रन में शामिल किया जाएगा। राफेल जेट का पहला स्क्वाइड्रन अंबाला एयरबेस पर, जबकि दूसरी पश्चिम बंगाल के हासिमारा बेस पर रहेगा। अंबाला में राफेल के आगमन को लेकर तैयारी पूरी है। यहां पर राफेल का आगमन करने के लिए सारी तैयारी पहले ही पूरी कर ली गई थी। इसके साथ ही एयरफोर्स स्टेशन की सुरक्षा को भी बढ़ा दिया गया था।
