नोएडा : नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे स्थित नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (Noida Power Company Limited) के पावर हाउस में भीषण आग लगने की सूचना है। जानकारी मिलने पर आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर रवाना कर दिया गया है। हादसे में अबतक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। आग ने पूरे परिसर को अपने चपेट में लिया है, इसलिए इसे बुझाने में समय लग सकता है। आसपास की जगहों को खाली करा लिया गया है, जिससे आग फैले नहीं और इस पर काबू पाने में भी आसानी हो।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) गौतमबुद्ध नगर अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 8 बजे नोएडा सेक्टर 140 स्थित मेट्रो स्टेशन के पास बने पावर हाउस में आग की सूचना मिली थी। मौके पर दमकल की चार गाड़ियों को रवाना किया गया है।
कई किलोमीटर तक देखा जा रहा धुआं
आग कितनी भीषण है? इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि नोएडा एक्सप्रेस-वे यानी सेक्टर-140 स्थित एनएमआरसी के पावर हाउस में लगी आग का गुबार कई किलोमीटर तक देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले नोएडा सेक्टर 63 स्थित बॉल पेन बनाने वाली एक फैक्ट्री में 11 अगस्त की रात दो बजे आग लग गई। आग की सूचना पाकर दमकल विभाग की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया था। इस घटना में वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड की जलकर मौत हो गई थी। थाना फेस- 3 क्षेत्र के एच-90, सेक्टर 63 में एच. एम. ट्विस्ट कंटेनर प्राइवेट लिमिटेड के नाम से बॉल पेन बनाने की फैक्ट्री है। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में 11 अगस्त की देर रात दो बजे आग लग गई। आग इमारत के तीनों तल पर फैल गयी। इस घटना में गार्ड संदीप कुमार (23 वर्ष) पुत्र राकेश कुमार निवासी ग्राम सफीपुर थाना जगतापुर जनपद बहराइच आग की चपेट में आ गया तथा झुलसने से उसकी मौत हो गई।
