हरियाणा : हरियाणा के नूंह से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बिजली विभाग के जेई ने सांप को जिंदा जला दिया। इतना ही नहीं जेई ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया।
जानकारी मुताबिक, नूंह पावर हाउस में एक सांप निकल गया, जहां बिजली विभाग के जेई रामकिशन ने पांच फीट लंबे सांप को पकड़ लिया। इसके बाद जेई ने सांप को डंडे से पकड़कर आग में फेंक दिया।
इस बेरहमी से भरी वारदात को देखकर लोग काफी गुस्से में हैं और जेई के खिलाफ मामले में कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद इस बारे में जब भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड को जानकारी मिली, तो जिलाध्यक्ष मोहम्मद जुबेर को ने मामले पर तुरंत संज्ञान लेते हुए नूंह सिटी थाने में शिकायत देकर मामला दर्ज करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि वन्य जीव जंतुओं की निर्मम हत्या की जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी जरूरत है। वन्य जीवों की इस प्रकार हत्या करने से उनकी आबादी लुप्त हो रही है। इन सब के पीछे इस प्रकार के लोग जिम्मेदार हैं, जिन्हें कायदे कानून का बिल्कुल भी खौफ नहीं है। वहीं सिटी थाने के एसएचओ हरी सिंह ने कहा कि मामले की जांच जा रही है। उक्त मामले पर संज्ञान लिया जाएगा जो भी दोषी पाया जाएगा उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
