Teachers day : इस बार लॉकडाउन की वजह से स्कूलों में शिक्षक दिवस में कोई समारोह नहीं होगा। इससे बच्चों को इस बात का काफी मलाल है। इस दिन का बच्चे बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। लेकिन, स्कूल नहीं खुलने से मायूस होना पड़ा। बच्चे शिक्षकों को गिफ्ट देने के लिए ऑनलाइन गिफ्ट भी मंगाए हैं। बच्चे अपने चहेते शिक्षक को घर पर गिफ्ट भिजवा रहे हैं। किसी ने टी-शर्ट, पेन, कैप, मास्क और सैनिटाइजर मंगाया है। छात्रा प्राप्ति मिश्रा, दर्शित, वैभव, आदित्य राज, राहुल, सौम्या सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने बताया स्कूल बंद होने से शिक्षक दिवस नहीं मना सकेंगे। इस बार खास तैयारी कर रखी थी।
एक गुट मनाएगा अपमान तो दूसरा शिक्षक दिवस
शिक्षक दिवस को लेकर जिले में शिक्षक संघ दो गुट में बंट गया है। सरकार की शिक्षक-शिक्षा विरोधी नीतियों के विरोध में बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ शनिवार को शिक्षक दिवस को अपमान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। संघ से जुड़े शिक्षक काला-पट्टी लगाकर अपना विरोध करेंगे। संघ के प्रदेश सचिव सुप्रिया सिंह ने कहा कि अपमान दिवस की तैयारी पूरी कर ली गई है। स्कूल अवधि के बाद शिक्षक अपमान दिवस मनाएंगे। सचिव ने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश का भी करारा जवाब दिया जाएगा। वहीं, प्रारंभिक माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. शेखर गुप्ता, बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के नगर अध्यक्ष संजीव कुमार यादव और बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के सदर सचिव डॉ. रविशंकर ने कहा कि संघ से जुड़े शिक्षक अपमान दिवस से अलग हैं।
अपमान दिवस की होगी वीडियोग्राफी
जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को पत्र भेजकर अपमान दिवस की वीडियोग्राफी कराने को कहा है। इस पत्र से दिवस में शामिल में शामिल होने वाले शिक्षकों में हड़कंप मच गया है। शिक्षकों ने इस निर्देश का विरोध किया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने शिक्षकों को वर्चुअल और शारीरिक दूरी मनाकर शिक्षक दिवस मनाने की अपील की है।
