पटना : डिजिटलाइजेशन ने जीवन के हर क्षेत्र में आमूल-चूल बदलाव किए हैं। अब डिजिटल के दौर में गांव में रहने वालों को अपने नजदीक के अस्पताल में महानगरों के विशेषज्ञ चिकित्सकों से इलाज कराने का मौका मिल रहा है। इसी कड़ी में समस्तीपुर जिले के नरहन में ‘मेडिशाला’ ने ‘सेहत डिजिटल क्लिनिक का आरंभ किया है। इसके साथ अब बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

टेक्नोलॉजी के उपयोग से सुगम व किफायती बना इलाज
क्लिनिक का उद्घाटन विभूतिपुर के विधायक अजय कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज के दौर में बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को टेक्नोलॉजी का उपयोग कर सुगम, किफायती और सरल बनाया जा सकता है। इस मौके पर मेडिशाला के संस्थापक ऋतुराज स्वामी ने बताया कि मेडिशाला बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए पिछले तीन वर्षों से कार्यरत है। सेहत डिजिटल क्लिनिक के जरिये मरीज स्पेशलिस्ट डॉक्टर से ऑनलाइन वीडियो कंसल्टेशन कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग मेडिशाला सेंटर से कोई भी दवा आकर्षक मूल्य पर खरीद भी सकते हैं। वे दवा का आर्डर भी कर सकतें हैं। इसके माध्यम से शहर के डॉक्टर के पास नंबर लगवाने, हेल्थ इन्श्योरेंस, एंबुलेंस आदि की सेवाएं भी उपलब्ध हैं।
संस्थापक ऋतुराज स्वामी ने बताया कि मल्टीपल कॉरपोरेट फार्मा पार्टनरशिप सुनिश्चित करती है कि दवाओं की कीमत बाजार मूल्य से काफी कम होगी। यहां वीडियो कॉन्फ्रेंस स्थापित करने तथा ब्लड प्रशर, बुखार, डायबिटीज इत्यादि के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के साथ मरीजों की सहायता के लिए एक स्वास्थ्य सहायक भी उपलब्ध होगा। सहायक को तीन महीने के कंपनी कार्यक्रम के तहत पेशेवर रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा।अब तो बस एक क्लिक दूर हैं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं
विदित हो कि मेडिशाला, बीआईटी मेसरा से स्नातक चार मित्रों रितुराज स्वामी, सुमन सौरव, मो. अमानुल्लाह और प्रिंस कुमार द्वारा 2018 में स्थापित एक स्वास्थ्य-तकनीक स्टार्टअप है। यह टीम बिहार और झारखंड में एक बेहतर स्वास्थ्य सेवा ढांचे की दिशा में काम कर रही है। इसे शुरुआत में केवल एक मोबाइल एप्लिकेशन और वेबसाइट के साथ शुरू किया गया, जहां मरीज मोबाइल पर डॉक्टरों के साथ अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। यह उद्यम बिहार और झारखण्ड के दूरदराज के हिस्सों में ई-क्लीनिक स्थापित करने की दिशा में काम कर रहा है। मेडिशाला अपनी चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम के साथ बिहार में शीर्ष चिकित्सक स्वास्थ्य परामर्श की तलाश कर रहे लोगों से बस एक क्लिक दूर है।
