बरवाला शहर में बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ हिसार व डीएसपी बरवाला रोहताश सिंह के नेतृत्व में शहर के अनेक होटलों पर छापा मारा गया।इस छापामार कार्रवाई को लेकर डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बरवाला के अनेक होटल व स्पा सेंटरों में बाहर से लड़कियों को बुलाकर उनसे देह व्यापार करवाया जाता है।
इसी सूचना के आधार पर उन्होंने अलग-अलग अपनी टीम गठित कर इस छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने सभी होटल पर अपने बोगस ग्राहक को भेजा और इशारा मिलते ही इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके पर काफी जोड़ों को पकड़ा गया है। इन सभी होटलों के मालिक होटल से नदारद मिले। वहीं चार मैनेजरों को भी होटल से मौके पर गिरफ्तार किया गया है और इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी होटलों को फिलहाल सील कर दिया गया है। डीएसपी अशोक कुमार ने बरवाला शहर के अनेक होटल संचालकों को हिदायत देते हुए कहा कि बरवाला शहर में कोई भी होटल संचालक इस तरह के गलत व देह व्यापार के धंधे को ना करवाए। अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कारवाई की जाएगी और आगे भी इस तरह के छापे व रेड जारी रहेगी।
