बलियाणा गांव के विक्की पंडित हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे दो आरोपितों को आइएमटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिन्हें वीरवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि छह फरवरी को बलियाणा गांव में विकास उर्फ विक्की पंडित की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जबकि उसका पिता रघुबीर और गांव का रहने वाला कर्मबीर भी घायल हो गया था। इस प्रकरण में विक्की के भाई अमित की शिकायत पर पूर्व सरपंच राजेश, पूर्व सरपंच योगानंद समेत कई अन्य आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में जांच के बाद अटायल गांव निवासी सचिन उर्फ विक्ट्री और विनय उर्फ मोंटी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित हत्याकांड की साजिश में शामिल थे। अन्य आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। गौरतलब है कि विक्की पंडित हत्याकांड के आरोपितों को पकड़ने गई एसटीएफ रोहतक की टीम ने चरखी दादरी में कार सवार एक युवक को गोली मार दी। जबकि उस युवक का विक्की पंडित हत्याकांड से कोई मतलब नहीं था। जिसके बाद एसटीएफ के चार जवानों पर हत्या की धाराओं में भी केस दर्ज किया गया था।
