भारत का जुगाड़ करने का तरीका पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। जैसे सामान ढोने के लिए दोपहिया वाहन को जुगाड़ कर तिपहिया वाहन में बदल लेना। लेकिन अब ऐसे बनाए गए मोटर वाहनों को इंपाउंड किया जाएगा। 8 मार्च को प्रदेशभर में ट्रैफिक पुलिस मोटर वाहन एक्ट के तहत कार्रवाई करेगी। हरियाणा पुलिस अभी तक ऐसे वाहनों को सिर्फ चालान करती आ रही थी।
बीते कुछ समय में हादसों के चलते सिरसा निवासी राजेंद्र कुमार ने पिछले साल सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की थी, जिसके आधार सुप्रीम कोर्ट ने हरियाणा सरकार और पुलिस से जवाब मांगा है। सुप्रीम कोर्ट में जवाब दाखिल करने से पहले प्रदेश भर में ट्रैफिक पुलिस ऐसे वाहनों का चालान करने की बजाए, इन्हें इंपाउंड करने जा रही है। अम्बाला में साल 2017 से जनवरी 2021 तक करीब 650 चालान ऐसे मोटर वाहनों के किए गए हैं। प्रदेश में ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई का पूरा रोडमैप करनाल में शुक्रवार को हुई मीटिंग में तैयार किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सिरसा निवासी राजेंद्र कुमार ने यह याचिका दायर की है। याचिकाकर्ता ने दलील दी कि मोटर वाहन से तैयार किए गए जुगाड़ दूसरे वाहनों के लिए मुसीबत का कारण बनते हैं।
