फरीदाबाद : टैक्स न भरने वालों के खिलाफ नगर निगम अब एक्शन मूड में है। शहर में करीब 200 प्रॉपर्टी सील करने की तैयारी है। क्योंकि इन प्रॉपर्टी के मालिकों ने काफी समय से टैक्स जमा नहीं किया है। तीन बार इन्हें नोटिस भी दिया गया। इसके बाद भी टैक्स जमा नहीं किया।
माना जा रहा है निगम प्रशासन मंगलवार को ऐसे लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर सकता है। यह कार्रवाई तीनों जोन में की जाएगी। निगम कमिश्नर यशपाल यादव की ओर से इस बारे में सभी ज्वाइंट कमिश्नर को आदेश दिए गए हैं कि वे अपने अपने क्षेत्र में 50 हजार से अधिक के उन बकाएदारों की प्रॉपर्टी सील करने की कार्रवाई करें जिन्होंने नोटिस देने के बाद भी टैक्स जमा नहीं किया है। एनआईटी, ओल्ड फरीदाबाद और बल्लभगढ़ में ऐसे करीब 200 प्रॉपर्टी चिह्नित किए गए हैं।
