फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद जिले में सराय थानाक्षेत्र के DLF फेज टू स्थित गद्दा बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने 7 घंटे की कड़ी मशक्कत क बाद आग पर काबू पाया। लेकिन इस घटना में पूरी फैक्ट्री जलकर खाक हो गई। फैक्ट्री के अंदर रखा लाखों रुपए का सामान भी जलकर राख हो गया।
पुलिस के मुताबिक, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। DLF फेज टू में कोयरलेन नामक गद्दा बनाने वाली फैक्ट्री है। सोमवार शाम को यहां काम करने वाले कर्मचारी ड्यूटी खत्म करके चले गए। देर रात फैक्ट्री में आग लग गई। मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड जब तक दमकल विभाग को सूचना देता, आग विकराल हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग को बुझाना शुरू किया, लेकिन आग काबू में नहीं आ रही थी। इसके बाद एक गाड़ी पलवल, एक एयरफोर्स और एक एस्कॉर्ट कंपनी से बुलाई गई। सभी ने मिलकर करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था। फायर अफसर RS दहिया का कहना है कि घटना में किसी जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। प्रथम दृष्ट्या आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
