फरीदाबाद : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड संबद्ध स्कूलों में सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी छात्रों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाएं मार्च से जून तक सम्पन्न कराई जाएंगी। परीक्षाओं की डेटशीट स्कूल सहूलियत के हिसाब से तय कर सकेंगे। परीक्षाएं कराने के बाद निर्धारित समय सीमा में स्कूलों में छात्रों के अंक भी अपलोड करने होंगे। इसके बाद समय सीमा को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। सीबीएसई की ओर से प्रैक्टिकल परीक्षाओं को लेकर स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इन्हीं नियमों के मुताबिक स्कूलों को परीक्षाओं का आयोजन कराना होगा।
स्कूली स्तर पर होगी सेकेंडरी की परीक्षा
आदेशानुसार सेकेंडरी कक्षा के छात्रों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाएं स्कूली स्तर पर ही आयोजित की जाएंगी। इसके लिए बाहर से कोई परीक्षक नहीं बुलाने होंगे। स्कूलों को करिकुलम के आधार पर ही परीक्षाएं करानी होंगी। वहीं सीनियर सेकेंडरी कक्षा के बोर्ड प्रैक्टिकल के लिए एक आंतरिक और एक बाहरी परीक्षक की नियुक्ति की जाएगी। बाहरी परीक्षक की नियुक्ति बोर्ड की ओर से होगी, जबकि आंतरिक परीक्षक की नियुक्ति स्कूल के प्रिंसिपल की ओर से की जाएगी। बोर्ड की ओर से एक ऑब्जर्वर की नियुक्ति भी की जाएगी। परीक्षकों की नियुक्ति और ड्यूटी को लेकर भी निर्देश दिए जा चुके हैं।
एक समय में 20 छात्र देंगे परीक्षा
छात्रों के स्पष्ट और सही मूल्यांकन के लिए एक समय में सिर्फ 20 छात्रों के प्रैक्टिकल लेने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विषय में छात्रों की संख्या 20 से ज्यादा होने पर दो पालियों में प्रैक्टिकल परीक्षा आयोजित की जाएगी। स्कूलों को प्रैक्टिकल परीक्षा कराने के बाद इससे संबंधित फोटो मोबाइल एप के जरिए अपलोड करने होंगे। इस फोटो में समूह के छात्रों, आंतरिक व बाहरी परीक्षकों के चेहरे स्पष्ट रूप से दिखने चाहिए। इस संबंध में किसी भी ज्यादा जानकारी के लिए स्कूलों को क्षेत्रीय अधिकारी के संपर्क में रहने को कहा गया है। प्रैक्टिकल विषयों की परीक्षाओं के अंक 11 जून तक अपलोड करने होंगे।
चार मई से शुरू होंगी थ्योरी परीक्षाएं
सीबीएसई की ओर से जारी डेटशीट के मुताबिक बोर्ड परीक्षाएं चार मई से शुरू होनी हैं। सीनियर सेकेंडरी की परीक्षा का दौर चार मई को अंग्रेजी विषय के साथ शुरू होगा। परीक्षाएं 11 जून तक जारी रहेंगी। इस बार बोर्ड की ओर से सीनियर सेकेंडरी की परीक्षाएं सुबह और दोपहर दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। सुबह 10ः30 से 1ः30 बजे तक और दोपहर को 2ः30 से 5ः30 बजे तक छात्र परीक्षा देंगे। जबकि सेकेंडरी कक्षा की मुख्य विषयों की परीक्षाएं छह मई से शुरू होंगी। पहली परीक्षा छात्र अंग्रेजी की देंगे। वहीं परीक्षा का दौर सात जून तक जारी रहेगा।
परीक्षा एक नजर में
04 मई से शुरू होनी हैं बोर्ड परीक्षाएं
11 जून तक जारी रहेंगी सीनियर सेकेंडरी की परीक्षा
07 जून तक जारी रहेंगी सेकेंडरी की परीक्षा
130 करीब है जिले में सीबीएसई के स्कूल
03 महीने करीब देरी से होनी है इस बार परीक्षाएं
प्रैक्टिकल परीक्षाओं को लेकर निर्देश मिल चुके हैं। आदेशानुसार सभी विषयों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी। इस दौरान कोविड के नियमों का भी पूरी तरह ध्यान रखा जाएगा। एक समय ज्यादा भीड़भाड़ ना हो इसके लिए उचित तालमेल के साथ सभी विषयों की परीक्षा होगी।
