फरीदाबाद : जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए में महिला कल्याण प्रकोष्ठ की ओर से स्वावलंबन ट्रस्ट के साथ मिलकर महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक (अपराध, यातायात और राजमार्ग) गुरुग्राम डॉ. राजश्री सिंह मुख्य अतिथि रही।

वहीं कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार गर्ग विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला कल्याण प्रकोष्ठ की अध्यक्षा डॉ. नीतू गुप्ता और स्वावलंबन ट्रस्ट के संरक्षक गंगा शंकर मिश्र ने की। महिला दिवस पर बधाई देते हुए डॉ. राजश्री ने कहा कि अगर महिलाओं को उचित अवसर और सुरक्षित वातावरण मिले तो वह कुछ भी करने में सक्षम हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराध पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि खुद को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रत्येक महिला को मार्शल आर्ट्स अवश्य सीखना चाहिए ताकि वे किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए सक्षम बन सकें। कुलसचिव ने समाज में महिलाओं की भूमिका और महत्व पर प्रकाश डाला और महिला सशक्तिकरण पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने समाज में महिलाओं के जीवन और चुनौतियों पर आधारित एक नाटक का भी मंचन किया।
