फरीदाबाद : बम भोले, बम भोले बम, बम, बम, यही तो वही मंत्र है, यही वो तंत्र है, शिव शंकर को जिसने पूजा, उसका ही उद्धार हुआ। कुछ ऐसे ही शिव भजनों की गूंज के बीच शिव भक्त शिव बाबा की पूजा करेंगे। शिवलिग पर दुग्ध तथा जलाभिषेक करके शिव आराधना करेंगे। मंदिर कमेटी की ओर से महाशिवरात्रि के चलते बुधवार को तैयारियां की गई हैं। मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं से मास्क लगा कर आने की अपील की जा रही है।
श्री महारानी वैष्णव देवी मंदिर कमेटी की ओर से बृहस्पतिवार को तिकोना पार्क से शिव बरात निकाली जाएगी। मंदिर में शिव जागरण का भी आयोजन किया जाएगा। ऐसे ही श्री तत्कालेश्वर शिव मंदिर की ओर से शिवरात्रि के मौके पर शिव बारात निकाली जाएगी। प्रधान हर्ष मल्होत्रा तथा महेश बजाज ने बताया कि पांच नंबर से निकाली जाने वाली शिव बरात में बांके बिहारी मंदिर, श्री राम मंदिर, श्री राधा सर्वेश्वर मंदिर, श्री साईं धाम मंदिर, श्री हरि मंदिर, श्री दुर्गा मंदिर, श्री माता वैष्णो देवी मंदिर पांच नंबर एफ ब्लाक तथा दुर्गा माता पंचायती पांच डी मंदिर कमेटी का विशेष सहयोग रहेगा। शिव मंदिर में चांदी की जलधरी सैनिक कालोनी स्थित शिव मंदिर में करीब 22 फुट का शिवलिग है। जलाभिषेक के लिए बृहस्पतिवार सुबह चार बजे मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे। पंडित शशीकांत पांडेय ने बताया कि मंदिर में करीब चार किलोग्राम चांदी की जलधरी भी तैयार कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर को करीब 150 किलोग्राम फूलों से सजाया जाएगा।
प्रसाद वितरण के लिए फलों का भी इंतजाम किया गया है। करीब 150 किलोग्राम बेर तथा 300 दर्जन केले मंगवाए गए हैं। थाईलैंड के फूलों से होगी शिव पूजा दो नंबर स्थित शिवालय मंदिर को बुधवार को फूलों को सजाया गया। मंदिर दरबार सजाने तथा शिव पूजा के लिए मंदिर में रजनीगंधा, गुलाब, गेंदा के करीब 100 किलोग्राम फूलों का इंतजाम किया गया। मंदिर दरबार सजाने को इस बार थाईलैंड से आर्किड के फूल मंगवाए गए हैं। बुधवार को फूल विक्रेता खोकन बंगाली मंदिर परिसर को फूलों से सजाने में जुटे दिखाई दिए। हमने भोले बाबा की बरात निकालने की तैयारी कर ली है। मंदिर से दोपहर को बरात निकाली जाएगी और शाम को एक नंबर हनुमान मंदिर में जयमाला की रस्म होगी। बरात के दौरान खीर तथा भांग के पकौड़े वितरित किए जाएंगे। बिना मास्क लगाए आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। जगदीश भाटिया, प्रधान श्री महारानी वैष्णव देवी मंदिर। महाशिवरात्रि को ध्यान में रखते हुए मंदिर को फूलों से सजाया गया है। दिन भर जलाभिषेक होगा और प्रसाद वितरित किया जाएगा। हमने लोगों से अपील की है कि मास्क लगा कर ही मंदिर में आएं। शारीरिक दूरी का पालन करें।
बसंता कुमार, प्रमुख पुजारी, दो नंबर शिवाला मंदिर। मंदिर में सुबह चार बजे रुद्राभिषेक होगा। दिन भर भजन-कीर्तन चलता रहेगा। भांग का प्रसाद भी वितरित किया जाएगा। तड़के साढ़े तीन बजे मंदिर के द्वार खोल दिए जाएंगे। कोरोना संकट को ध्यान में रखते हुए प्रवेश द्वार पर सैनिटाइजर मशीन लगा दी गई है। राम जुनेजा, प्रधान, राम मंदिर कमेटी। हमने मंदिर में सैनिटाइजर और मास्क का भी इंतजाम किया है। जो श्रद्धालु बिना मास्क लगाए आएंगे, उन्हें मंदिर की ओर से मास्क उपलब्ध कराने के बाद मंदिर में प्रवेश करने दिया जाएगा।
