फरीदाबाद : आम आदमी पार्टी दक्षिण क्षेत्र के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 21 मार्च को पलवल में कमेटी चौक स्थित श्यामा कुंज में आयोजित किया जाएगा। बृहस्पतिवार को इस बाबत राज्यसभा सदस्य एवं पार्टी के प्रदेश सहप्रभारी डा.सुशील गुप्ता ने अरावली गोल्फ क्लब पहुंचे और पार्टी पदाधिकारियों व प्रमुख कार्यकर्ताओं संग बैठक की। बैठक का आयोजन जिलाध्यक्ष धर्मवीर भड़ाना ने किया था।
डा.गुप्ता ने बताया कि आयोजन का जिम्मा पलवल जिला इकाई को सौंपा गया है। शिविर चार स्तर का होगा, जिसमें बूथ लेवल तक संगठन का विस्तार, जीवन में राजनीति के दायित्व एवं महत्व, कैडर बेस पार्टी का निर्माण, इंटरनेट, प्रिट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया का राजनीति में महत्व तथा प्रदेश के निर्माण में सहयोगी महत्वपूर्ण मुद्दों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। इसमें मुख्य रूप से दिल्ली सरकार में पर्यावरण एवं श्रम मंत्री एवं हरियाणा प्रभारी गोपाल राय, राज्यसभा सदस्य व पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता कार्यकर्ताओं को टिप्स देंगे। उन्होंने बताया की इस तरह के कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर डा.गुप्ता ने तीन बार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके वेद प्रकाश यादव और अन्यों में अनिल मेहरा, प्रिस यादव, आकाश गुप्ता एडवोकेट एवं किशनवीर गोयल को पटका एवं टोपी पहनाकर पार्टी में शामिल कराया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष धर्मवीर भड़ाना, दक्षिण क्षेत्र के संगठन मंत्री ओमप्रकाश गुप्ता संगठन मंत्री, सरदार तेजवंत सिंह उर्फ बिट्टू, पलवल से आए कुलदीप कौशिक, धर्मेंद्र, सोम माथुर, विनोद भाटी, कुलदीप चावला, डीएस चावला, अमन गोयल, भीम यादव, गीता शर्मा, वीणा वशिष्ठ, सुमन वशिष्ठ, रेणू खट्टर, हरजिदर मेंहदीरत्ता सुबोध शर्मा ने डा.सुशील गुप्ता का स्वागत किया।
