हरियाणा : हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गांव समसपुर में गली निर्माण की एवज में ग्राम सचिव व पंचायती विभाग के जूनियर इंजीनियर, जेई द्वारा ठेकेदार से कमिशन लेने संबंधित मामला सामने आया है।इस संबंध में शिकायत तथा वीडियो मिलने पर जिला उपायुक्त राजेश जोगपाल ने उक्त ग्राम सचिव व जेई को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही अतिरिक्त उपायुक्त को मामले की जांच सौंप दी है।गांव समसपुर निवासी अनिल कुमार ने शनिवार को उपायुक्त राजेश जोगपाल को गांव में गली निर्माण में भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत सौंपी है। शिकायतकर्ता ने शिकायत के माध्यम से बताया कि गांव में गलियों के निर्माण की एवज में संबंधित ठेकेदार से ग्राम सचिव स्नेह कुमार व पंचायती राज विभाग के जेई विनोद कुमार द्वारा कमीशन मांगा गया। जिस पर ठेकेदार द्वारा गांव के सरपंच सहित उक्त ग्राम सचिव व जेई को लाखों रुपये कमीशन दिया गया।
शिकायतकर्ता द्वारा उपायुक्त को लिखित शिकायत के साथ ही इस मामले से संबंधित वीडियो रिकार्डिंग भी दी गई है। भ्रष्टाचार का मामला सामने आने पर उपायुक्त ने तुरंत प्रभाव से उक्त ग्राम सचिव व जेई को सस्पेंड कर दिया।इसके साथ ही उन्होंने मामले की जांच दादरी के अतिरिक्त उपायुक्त राहुल नरवाल को सौंप दी है। अतिरिक्त उपायुक्त द्वारा जांच के बाद सौंपी जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


